बोकारो , जून 29 -- झारखंड में बोकारो जिले के बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के बोकारो एयरपोर्ट के पास आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय आलोक कुमार तुरी की मौत हो गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान सेक्टर-1C निवासी आलोक के रूप में की है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि आलोक अपनी मौसी को लेने के लिए एयरपोर्ट गया था। शुरू में बारिश नहीं रही, लेकिन कुछ देर बाद तेज गर्जना और झमाझम बरसात शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए आलोक एक पेड़ के नीचे छिप गया - तभी आकाशीय बिजली गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन व स्थानीय लोग उसकी तलाश में निकले तो एयरपोर्ट के पास उसकी मोटरसाइकिल वहीं खड़ी मिली। खोजबीन के बाद आलोक एक गड्ढे में बेहोश पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों ने उसे बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी व लोगों के बयान के आधार पर प्रतीत होता है कि बज्रपात के चलते आलोक पर चोटें आईं, जिससे उसकी मृत्यु हुई है। घटना की जांच सिटी थाने की पुलिस कर रही है।
मृतक के पिता बोकारो शहर के बीएसएल एडीएम बिल्डिंग के कैंटीन में कार्यरत हैं। पिता ने बताया कि उन्हें कार्यस्थल से फोन कर सूचित किया गया कि उनका पुत्र बिजली गिरने से घायल हुआ है। वे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें पुत्र की मौत की सूचना दी। पिता ने कहा कि आलोक इंटर पास कर स्नातक में दाखिला लिया था और परिवार पर यह बड़ा सदमा है। माँ ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा मौसी को लेने गया था और तेज बारिश में पेड़ के नीचे छिपने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित