बोकारो , नवंबर 01 -- झारखंड के बोकारो परिसदन में बोकारो प्रेस क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक में बोकारो प्रेस क्लब की सभी कमेटियां भंग कर चुनाव और सदस्यता अभियान के लिए कोर कमेटी गठित की गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि रांची प्रेस क्लब के पूर्व महासचिव अमरकांत की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में क्लब के पांच में से चार ट्रस्टियों सहित जिले के तमाम प्रमुख पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक के दौरान क्लब की कार्यप्रणाली और भविष्य की दिशा पर गहन विमर्श किया गया।

लंबी चर्चा के उपरांत उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से बोकारो प्रेस क्लब की वर्तमान सभी कमेटियों को ट्रस्ट द्वारा भंग करने का अहम फैसला लिया। इसके साथ ही क्लब की नई कार्यकारिणी के गठन, व्यापक सदस्यता अभियान चलाने और पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से एक सात सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया गया।

इस नवगठित कोर कमेटी में वरिष्ठ पत्रकार रामप्रवेश सिंह, विजय कुमार झा, सुनील तिवारी (प्रभात खबर), राजेश सिंह देव (दैनिक भास्कर), राहुल शर्मा (द पायोनियर), सुरेंद्र कुमार (न्यूज 11) और संजीव कुमार (कशिश न्यूज) को शामिल किया गया है। बैठक में तय किया गया कि यह कोर कमेटी अगले एक माह के भीतर जिले भर में सदस्यता अभियान चलाएगी और इसके बाद आमसभा बुलाकर नए चुनाव की पूरी रूपरेखा तय करेगी। बैठक के अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों ने क्लब के पुनर्गठन और पत्रकारों के हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में राम प्रवेश, विजय कुमार झा, आशीष सिन्हा, धनंजय प्रताप, अक्षय कुमार, सुनील तिवारी, राजेश सिंह देव, राहुल शर्मा, विनय कुमार तिवारी, रजत नाथ, जय सिन्हा, पूर्णेन्दु पुष्पेश, अखिलेश कुमार सिंह, धर्मेन्द्र पांडेय, पियूष कुमार राय, ऱाणा रणजीत, हिमांशु कुमार, रोहित शर्मा, राजेश राज आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। जबकि, कई अन्य वरिष्ठ पत्रकारों ने बैठक में लिए गए निर्णय पर अपनी सहमति प्रदान दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित