बोकारो , अगस्त 20 -- झारखंड में बोकारो जिले के दुग्धा थाना क्षेत्र के बैरा बस्ती में सांप के काटने से 65 वर्षीय विधि देवी की मृत्यु हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि यह घटना गुरुवार सुबह उस समय हुई जब वह खेत से घर लौट रही थीं। परिजन विनोद टुडू के अनुसार, विधि देवी सुबह खेत की ओर गई थीं।
खेत के आसपास जंगली इलाका है। घर लौटते समय उनके पैर में सांप ने काट लिया।
शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी लकड़ी से चोट लगी है, इसलिए वे सांप के काटने का पता नहीं लगा पाईं। घर पहुंचने से पहले ही विधि देवी बेहोश होकर गिर गईं।
परिजनों ने उन्हें उठाया तो उनके पैर में सांप के काटने का निशान देखा। शुरुआत में उनकी स्थिति सामान्य लग रही थी, लेकिन कुछ देर बाद दर्द बढ़ने लगा और जिस पैर में सांप ने काटा था, उसमें सूजन आने लगी।
परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल से भी हालत बिगड़ने पर उन्हें धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) रेफर किया गया।
परिजन विधि देवी को लेकर एसएनएमएमसीएच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सांप के काटने का समय पर पता न चल पाने के कारण इलाज में देरी हुई, जिससे उनकी जान चली गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित