नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- झारखंड के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मन्नान मल्लिक का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

वह लंबे समय से बीमार थे और रांची के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने श्री मल्लिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे पार्टी और सार्वजनिक जीवन के लिए बड़ी क्षति बताया।

श्री खरगे ने अपने शोक संदेश में कहा " मन्नान मल्लिक ने लंबे समय तक जनसेवा, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहकर झारखंड की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनायी। उनके निधन से कांग्रेस परिवार ने एक अनुभवी, समर्पित और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध साथी को खो दिया है।"कांग्रेस अध्यक्ष ने दिवंगत नेता के परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

श्री मन्नान मल्लिक झारखंड कांग्रेस के उन वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे जिन्होंने राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। उनके निधन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित