रांची , जुलाई 15 -- झारखंड के रांची, देवघर और धनबाद समेत कई पासपोर्ट कार्यालयों और प्रधान डाकघरों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया।
धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं तथा सभी संवेदनशील परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
रांची के पासपोर्ट कार्यालय में धमकी की सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) को मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा टीम ने पूरे परिसर की गहन जांच की, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।
देवघर में रांची से सूचना मिलने के बाद प्रधान डाकघर को तत्काल अलर्ट किया गया।
पोस्टमास्टर राजीव कुमार ने बताया कि धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन डाकघर को खाली कराया गया। इसके बाद श्वान दस्ते और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली।
उधर, धनबाद के मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को भी ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली। सूचना मिलते ही दोनों कार्यालयों को खाली करा दिया गया। उस समय डाकघर में 100 से अधिक लोग मौजूद थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और बम निरोधक दस्ता पूरे परिसर की तलाशी ले रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में "मेरे भगवान का अपमान हुआ है" जैसी बातें लिखी गई हैं। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने, उसके स्रोत का पता लगाने और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में अब तक किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित