रांची , मई 25 -- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर सोनुवा रेलवे स्टेशन आउटर के समीप पड़सा पुलिया के पास ट्रेन से कटकर एक युवक और एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना देर रात की बताई जा रही है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर दोनों के शव पड़े देखे, जिसके बाद इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधक को दी गई। सूचना मिलते ही सोनुवा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर मृत युवक और युवती की पहचान करने में जुटी है। साथ ही मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों के शव सिर और धड़ से अलग अवस्था में मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित