मेदिनीनगर , अप्रैल 13 -- झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बहन की हत्या करने के बाद एक भाई ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।

घटना क्रमशः बखारी में रेलवे लाइन और पिपरडीह गांव में हुई। रेलवे लाइन से युवक की डेड बॉडी बरामद हुई, जबकि गांव में युवक के घर के कमरे में बेड से लड़की का शव मिला। लड़की की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। बॉडी खून से लथपथ पाई गई।

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेज दिया है। पूरे मामले में जांच की जा रही है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

हत्या और आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। युवक की पहचान पिपरडीह गांव निवासी 23 वर्षीय बिट्टू कुमार सिंह पिता स्वर्गीय शिव शंकर कुमार सिंह के रूप में हुई है, जबकि लड़की 16 वर्षीया खुशबू कुमारी पिता दीपक सिंह है। लड़की लातेहार के बरवाडीह थाना क्षेत्र के डोरामी की रहने वाली थी। हत्या करने वाला युवक लड़की का बुआ का लड़का था। मृतका ममेरी बहन थी।

बिट्टू और उसके परिवार के लोगों ने काम करने के लिए एक सप्ताह पहले खुशबू को घर बुलाया था। घटना देर रात की बताई गई है। लड़की की मौत की जानकारी सोमवार सुबह हुई। युवक की डेड बॉडी भी घर से दो किलोमीटर दूर रेलवे लाइन से सुबह मिली। मरने वाला युवक ग्रेजुएशन किया था। उसके दो और भाई हैं।

सदर थाना प्रभारी लालजी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक ने पहले नाबालिक लड़की की हत्या की उसके बाद खुद भी ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी सुबह करीब 3:00 बजे मिली। 4:00 पुलिस मौके पर पहुंची। पहले लड़की की डेड बॉडी बरामद हुई। बाद में पता चला कि युवक का भी शव रेलवे लाइन पर पड़ा है। दोनों ममेरे फुफेरे भाई बहन थे। घटना के समय दोनों एक ही कमरे में थे। मामला प्रेम प्रसंग प्रतीत होता है। जांच कर स्थिति स्पष्ट की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित