मेदिनीनगर , मई 25 -- झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नामजद 15 आरोपी अभी भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों को लेकर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सोमवार दोपहर 2:30 बजे अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में पत्रकारों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 मई शनिवार को रामपुर गांव में जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट एवं गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि तीन जख्मी हुए थे।
इस संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से 17 लोगों के खिलाफ नामजद जबकि 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला दर्ज होते ही एसआईटी का गठन कर तेजी से अनुसंधान किया गया और 17 नामजद में से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान 28 वर्षीय गोलू सिंह उर्फ नितेश कुमार सिंह और 80 वर्षीय ब्रह्मदेव सिंह के रूप में हुई है। दोनों रामपुर के ही रहने वाले हैं।
इस कांड में फरार 15 नामजद आरोपियों समेत अज्ञात के खिलाफ छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित