रांची , सितंबर 29 -- झारखंड के पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में मंगलवार को निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय मजदूर अंजनी पासवान की मौत हो गई।

हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सेमरी गांव निवासी श्यामदेव पासवान का 30 वर्षीय पुत्र अंजनी पासवान गांव में ही कृष्णा प्रसाद के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गया था। काम के दौरान वह अचानक बिजली के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा।

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी तत्काल उसके परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अंजनी को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंजनी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद सेमरी गांव में भी शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान मजदूर बिजली के संपर्क में कैसे आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित