रांची , सितंबर 19 -- झारखंड के पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डागरा पुलिस पिकेट में तैनात सैप सूबेदार बुचून पाल ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली।

गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।

सूबेदार बुचुन पाल पलामू के उंटारी थाना क्षेत्र के रहने थे, फिलहाल उनका परिवार रांची में रह रहा है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। परिजन भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। शनिवार की सुबह बुचुन पाल अपने कमरे से बाहर निकले थे और फ्रेश होने के बाद वापस कमरे में गए।

इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दिया था। आवाज सुनने के बाद पिकेट में तैनात अन्य जवान उनके कमरे में गए तो देखा कि उनकी मौत हो गई है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुचून पाल डागरा पिकेट में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पिकेट में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे, जहां बुचून पाल गंभीर हालत में पड़े मिले। जांच के दौरान उनकी मौत की पुष्टि हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पिकेट में तैनात अन्य जवानों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित