गिरिडीह , जुलाई 20 -- झरखंड के गिरिडीह नगर निगम परिसर में मंत्री सुदिव्य कुमार ने 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 119 विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया।
मौके पर महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, नगर निगम के आयुक्त के उपस्थित थे।इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से शहर की सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा। मंत्री ने विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कहा कि किसी भी परिस्थिति में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खासकर कम दर पर टेंडर हासिल करने वाले संवेदकों को चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवर्ता से खिलवाड़ न करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 27 प्रतिशत या उससे अधिक कम दर पर टेंडर लेने वाले संवेदकों द्वारा किए जा रहे कार्यों पर विशेष नजर रखें। ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो सके।
मौके पर महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने कहा कि मंत्री श्री कुमार के मार्गदर्शन एवं सहयोग से गिरिडीह नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने लोगों से धैर्य एवं सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम बोर्ड का गठन कुछ माह पूर्व ही हुआ है और जनप्रतिनिधि अभी कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने एवं व्यवस्थित करने में जुटे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में शहर में विकास कार्यों की रफ्तार ओर तेज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित