धनबाद , अगस्त 26 -- झारखंड के धनबाद जिले में एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देशानुसार जिले में संचालित मिशन अमानत अभियान के तहत धनबाद पुलिस ने 25 अगस्त को विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी अथवा गुम हुए 29 मोबाइल फोन को बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे।

मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लाभुकों ने धनबाद पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति आभार जताया।

ज्ञातव्य है कि एसएसपी महोदय के निर्देश पर प्रत्येक माह की 25 तारीख को मिशन अमानत के तहत चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन को सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ट्रेस कर बरामद करने और उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जुलाई माह में 505 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए गए थे।

एसएसपी श्री कुमार ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल बरामदगी और उन्हें वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने का यह अभियान आगे भी प्रत्येक माह की 25 तारीख को लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित