दुमका , अक्टूबर 13 -- झारखंड में दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बीते 9 अक्टूबर को स्कूल से आने के बाद गांव समीप मैदान से गाय बैल खोलकर लाने गयी नाबालिक छात्रा के लापता होने और अगले दिन उसकी लाश मिलने की घटना को लेकर पिछले तीन दिनों से विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा आरोपियों की पहचान करने के साथ गिरफ्तारी को लेकर सड़क जाम व कैंडल मार्च कर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
इसी क्रम में संतालपरगना दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अंबर लकड़ा के निर्देश पर दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। इसमें दुमका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खालको,पाकुड़ जिले के महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के काठीकुंड व विभिन्न थाने के कई पुलिस पदाधिकारी भी शामिल थे।
दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने आज यहां बताया कि बीते 09 अक्टूबर को रात्रि करीब 08:30 बजे काठीकुंड के थाना प्रभारी को सूचना प्राप्त हुआ था कि स्कूल से आने के बाद एक नाबालिक लड़की स्कूल से वापस आने के पश्चात् शाम करीब 03:30 बजे अपने गाय-बैल को गाँव के नजदीक मैदान से खोल कर लाने के लिए गई थी। सभी गाय-बैल घर पहुँच गया, परन्तु उक्त नाबालिक छात्रा घर नहीं पहुँची। तत्पश्चात छात्रा की मां मैदान के तरफ गयी तो गाय-बैल बाँधने वाला रस्सी एवं लड़की का चप्पल मिला।
इस सूचना के सत्यापन के क्रम में काठीकुण्ड थाना की पुलिस एवं ग्रामीणों के द्वारा खोजबीन के क्रम में गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर चेक डेम के समीप झाड़ी में उक्त नाबालिक का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पीड़ित परिवार के परिजनों के लिखित आवेदन पर काठीकुण्ड थाना में 10 अक्टूबर को बीएनएस की धारा-103 (1), 238, 3 (5),70(2) एवं पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अज्ञात के विरूद्ध कांड संख्या 35/2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया। उन्होंने बताया कि कांड की गंभीरता को देखते हुए एस०आई०टी० के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना, मानवीय स्त्रोतों, तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वाड, फिंगर प्रिंन्ट टीम, एफएसएल टीम के वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में घटना स्थल के निकट के आस-पास के गाँवों का स्कैनिंग करते हुए लगभग 500 व्यक्तियों से गहन पूछताछ की।
इसी क्रम में टीम ने काठीकुंड थाना क्षेत्र के संदिग्ध शिशु टुडू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान उसने कांड में अपना अपराध स्वीकार किया। इसके तत्पश्चात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी शिशु टुडू के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त भूरा रंक का चेकदार गमछा, हरा एवं सफेद रंग का चेकदार टी-शर्ट बरामद किया।
विशेष जांच दल में रानेश्वर प्रभाग की पुलिस निरीक्षक लोरेंसिया केरकेट्टा, काठीकुंड के थाना प्रभारी पुअनि बलराम कुमार सिंह, गोपीकांदर के थाना प्रभारी पुअनि सुमित कुमार भगत,रानेश्वर के थाना प्रभारी . पु०अ०नि० त्रिपुरारी भगत,दिग्घी ओपी प्रभारी पु०अ०नि० बाजो रजक, महिला थाना की थाना प्रभारी अनुपमा सोरेंग,काठीकुंड के पुअनि केदारनाथ पुर्ति औरपुअनि विवेक विल्सन बोयपाई भी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित