रांची , मार्च 10 -- झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सीडब्ल्यूसी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी श्री के. राजू रहेंगे।
श्री राजू 11 से 13 मार्च तक राज्य के दौरे पर रहेंगे। इस बात जानकारी देते हुए मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने बताया कि इस दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी उनके साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 मार्च को श्री राजू नई दिल्ली से रांची पहुंचेंगे। रांची आगमन के बाद वे खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड जाएंगे, जहां नगर भवन में आयोजित ब्लॉक संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नेताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में मार्गदर्शन देंगे।
उसी दिन शाम को रांची स्थित झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम में भी वे शामिल होंगे, जिसमें प्रदेश के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं विभिन्न समाज के लोग उपस्थित रहेंगे। 12 मार्च को श्री राजू रांची से जमशेदपुर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे।
13 मार्च को श्री राजू पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा में आयोजित ब्लॉक संवाद कार्यक्रम मंह भाग लेंगे और कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश देंगे। इसके बाद वे रांची लौटकर हैदराबाद के लिए प्रस्थान करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित