रांची , मार्च 23 -- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र में तैनात एक जवान की राइफल की सफाई दौरान अचानक गोली लगने से मौत हो गई।

मृतक जवान की पहचान अजय किशोर खाका के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। किरीबुरू के एसडीपीओ अजीत केरकेट्टा तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आज चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया। जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि अजय किशोर खाका मूल रूप से गुमला जिले के रायडीह क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में टोन्टो थाना में पदस्थापित थे। वे इन दिनों सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में शामिल थे और सीआरपीएफ की 174वीं बटालियन के पालीसाई कैंप में तैनात थे।

वहीं घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि जवान पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे और उन्होंने खुद को गोली मार ली।

दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि वे अपनी राइफल की सफाई कर रहे थे, उसी दौरान अचानक गोली चल गई और उन्हें लग गई। गोली लगने के बाद साथी जवानों ने उन्हें तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित