जामताड़ा , सितंबर 11 -- भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड के जामताड़ा में वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़े को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने आज यहां बताया कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में एक ही घर में 54-54 वोटर ठूंस दिए गए हैं।

जामताड़ा नगर पंचायत के बूथ नंबर 243 में एक ही मकान नंबर पर 54 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। उस एक घर में हिंदू, मुस्लिम, आदिवासी - सभी धर्म-जाति के लोग एक ही परिवार के सदस्य बन गए हैं! जबकि उनका आपस में कोई रिश्ता ही नहीं है।

इतना ही नहीं, चेगायडीह के बूथ 210 से 215 और बिराजपुर के बूथ 181 में तो सैकड़ों वोटरों का घर ही गायब कर दिया गया है। सबके घर का नंबर 0 (शून्य) दिखा रहा है। एस आई आर से पहले सबके घर नंबर थे, अब अचानक सब बेघर कैसे हो गए?भाजपा ने आरोप लगाया कि यह कोई गलती नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। मंत्री के इलाके में वोट बैंक बढ़ाने के लिए मतदाता सूची में यह घोटाला किया गया है।

श्री मिश्रा ने कहा, "यह लोकतंत्र की हत्या है। अगर चुनाव आयोग ने 25 से ज्यादा वोटर वाले हर घर की जांच नहीं कराई, तो भाजपा सड़क पर उतरकर बवाल करेगी।"वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिला के उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार को हटाकर रिश्ते में मंत्री के रिश्तेदार और जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी को जिला का उप निर्वाचन अधिकारी बना दिया गया है।

कयूम अंसारी जामताड़ा में जिला आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर स्थापित हैं जो इरफान अंसारी के मंत्रालय से संबंध रखता है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी को हटाकर किसी अन्य पदाधिकारी को प्रभाव देकर उप निर्वाचन प्राधिकारी बना दिया जाना अपने आप में सवाल खड़ा कर रहा है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने आनन-फानन में इस मामले का संज्ञान लिया है और सभी बीएलओ को जांच के आदेश दे दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित