जामताड़ा , अगस्त 03 -- झारखंड के जामताड़ा जिले में देर रात पुलिस एनकाउंटर में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा मारा गया।

प्रिंस खान के साथ मिलकर झारखंड में अपराध का संगठित गिरोह चलाने वाले कुख्यात सुजीत सिन्हा पर 60 से ज्यादा मामले राज्य भर में दर्ज है। उस परहत्या, डकैती, लूट, धमकी, लेवी,अपहरण के अलग अलग मामले दर्ज है।

जामताड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने आज यहां बताया कि सुजीत सिन्हा को साहिबगंज जेल से कल धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था ।साहिबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपायडीह गांव के समीप कैदी वाहन पंचर हो गया। इस दौरान उसे दूसरी एस्कॉर्ट गाड़ी में ले जाया जा रहा था। इसी बीच सुजीत सिन्हा ने एक जवान का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया। भागने के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना रविवार देर रात की है। घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर नाकेबंदी करते हुए साहेबगंज गोविंदपुर पथ को सील कर दिया।

सूचना के बाद आज रांची से राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एफएसएल अधिकारी बीके ठाकुर ने बताया कि जुटाए गए साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

पुलिस ने शव को आज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की निगरानी में डॉक्टरों की टीम की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित