रांची , मई 24 -- झारखंड के जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फोन पे और गुगल पे के जरिए लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने इस मामले में पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर थाना की विशेष टीम ने करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सह थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने सबसे पहले करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव में छापेमारी की, जहां दो आरोपियों को साइबर ठगी करते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सियाटांड़ और झिलुवा जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया। वहीं दूसरी सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में छापा मारकर दो और साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मट्टांड़ निवासी विष्णु मंडल और सचिन मंडल, बॉसपहाड़ी निवासी सागर नायक, लोकनियां निवासी किशोर दास तथा पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी विश्वजीत दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विश्वजीत दास वर्तमान में लोकनियां गांव में रहकर पूरे साइबर गिरोह का संचालन कर रहा था।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को डेबिट और क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे। इसके बाद वे लोगों से बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे। इसके अलावा बिजली विभाग का अधिकारी बनकर बिजली बिल भुगतान के नाम पर भी लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी डिजिटल पेमेंट ऐप्स फोन पे और गुगल पे का इस्तेमाल कर ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 29/26 और 30/26 दर्ज कर बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस साइबर गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित