जामताड़ा , सितंबर 11 -- झारखंड के जामताड़ा जिले में पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है।

एसपी शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना पर साइबर थाना पुलिस ने नारायणपुर और करमाटांड़ में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 11 मोबाइल और 13 सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम ने मुचियाडीह गांव में क्रेशर के पीछे जोरिया के पास पलाश के झुरमुट से तीन और मठ्ठांड़ गांव में तालाब के पास आम बागान से दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20वर्षीय तसलीम अंसारी, 21 वर्षीय मनाजीर अंसारी, 27वर्षीय अब्दुल लतीफ, 25 वर्षीय उसमान गनी और 43वर्षीय जितेन मंडल के रूप में हुई है।

मामले को लेकर जामताड़ा एसपी शंभु कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार पांच अपराधियों में से जितेन्द्र मंडल पुराना हिस्ट्रीशीटर है और वह लंबे समय से साइबर अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

एसपी ने बताया कि जामताड़ा से साइबर अपराध के कलंक को हटाने के लिए पुलिस लगातार सागर अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है।इस वर्ष जनवरी 2026 से 11 सितंबर तक जामताड़ा पुलिस ने 122 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 304 मोबाइल, 370 सिम, 22 एटीएम कार्ड, तीन लैपटॉप और 14.07 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

जांच में ठगी के दो तरीके सामने आए हैं। आरोपी फोन-पे पर 999 रुपये कैशबैक का फर्जी मैसेज भेजकर फर्जी ऐप से रकम हड़पते थे और एसबीआई क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर एपीके फाइल डाउनलोड कराकर गोपनीय जानकारी चुराते थे। एसपी ने साइबर अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे साइबर अपराध से दूर रहें, अन्यथा उन्हें कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। साइबर थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित