रांची , अप्रैल 17 -- झारखंड के चतरा और हजारीबाग बॉर्डर पर हुए भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए हैं।
मारे गए चार नक्सलियों में 15 लाख का इनामी नक्सली शहदेव महतो, महिला नक्सली नताशा और बुद्धदेव शामिल हैं। चौथे नक्सली की पहचान की प्रक्रिया जारी है। आधिकारिक सूत्रों ने चार नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। मुठभेड़ स्थल से दो एके 47 राइफल सहित कई हथियार बरामद किए गए हैं।
हजारीबाग पुलिस को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर चतरा पुलिस और कोबरा कमांडो की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार नक्सलियों को मार गिराया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहदेव महतो अपने साथियों के साथ हजारीबाग के केराडरी जंगल क्षेत्र से गुजर रहा था।हजारीबाग पुलिस को उनके मूवमेंट की सूचना मिलते ही चतरा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान शुरू कर दिया गया। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए कोबरा कमांडो टीम को भी शामिल किया गया। नक्सली हजारीबाग की सीमा पार कर चतरा जिले के जंगल में पहुंच गए। इसी दौरान पुलिस टीम और नक्सलियों के बीच जंगल में आमना-सामना हो गया। दोनों तरफ से जबरदस्त फायरिंग में चारों नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए।
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम आगे भी छिपे हुए अन्य नक्सलियों या हथियारों की तलाश में जुट गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित