रांची , अक्टूबर 08 -- झारखंड के चतरा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने एसडीओ कार्यालय के लिपिक वासुदेव राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी लिपिक पर भूमि विवाद से संबंधित लंबित जजमेंट लिखने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी के अनुसार, हंटरगंज निवासी विलास यादव से जजमेंट लिखने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इसकी शिकायत पीड़ित ने एसीबी से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की और वासुदेव राम को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी लिपिक को उसके कार्यालय में ले गई। वहां दरवाजा बंद कर पूछताछ की गई और कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान कार्यालय के कर्मचारियों ने एसीबी टीम पर लिपिक के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
कर्मचारियों का आरोप था कि कार्रवाई के दौरान एक गैर-विभागीय युवक भी कमरे में मौजूद था, जिसे एसीबी अधिकारी अपना कर्मी बता रहे थे। इसको लेकर कर्मचारियों और एसीबी टीम के बीच करीब आधे घंटे तक विवाद और हंगामा चलता रहा।
हालांकि, जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसीबी की टीम गिरफ्तार लिपिक वासुदेव राम को अपने साथ हजारीबाग ले गई। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद अनुमंडल कार्यालय के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित