रांची , सितंबर 28 -- झारखंड के चतरा जिले में सिमरिया-टंडवा सड़क पर धनघटा घाटी के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लदे ट्रेलर चालक की मौत हो गई जबकि उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता जारी है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि कल देर रात धनघटा घाटी की ओर से आ रहा कोयला लदा ट्रेलर सड़क पर पहले से खराब हालत में खड़े एक हाइवा से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पूरी तरह दब गया। हादसे में बड़कागांव के सीकरी निवासी 28 वर्षीय चालक धीरंजन साव केबिन में फंस गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचे। चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन गैस खत्म हो जाने के कारण बचाव कार्य बीच में ही रुक गया। इससे मौके पर मौजूद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बचाव कार्य रुकने की सूचना मिलने के बाद सिमरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर चालक धीरंजन साव का शव बाहर निकाला। हादसे में घायल उपचालक को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग रेफर किया गया है।

मृतक के परिजन भी आज सुबह घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने शव को सड़क किनारे रख दिया, जिससे यातायात बाधित नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग शुरू कर दी। परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

मुआवजे को लेकर प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत जारी है। मौके पर सिमरिया के सीओ गौरव कुमार राज और थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता मौजूद हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के साथ लगातार वार्ता की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि जल्द सहमति बने, ताकि शव का पोस्टमार्टम कराया जा सके। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित