नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम एक एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसमें सात लोग सवार थे।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विमान रेडबर्ड एयरवेज का बीच क्राफ्ट सी90 था। इसकी पंजीकरण संख्या वीटी-एजेवी थी। यह मरीज को लेकर रांची से दिल्ली आ रहा था।
डीजीसीए ने एक बयान में बताया कि झारखंड के चतरा जिले के कसरिया पंचायत में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। विमान ने रांची से शाम 7:11 बजे उड़ान भरी थी। उसका आखिरी संपर्क शाम 7:34 पर कोलकाता एटीसी से हुआ था जिसके बाद उसका संपर्क टूट गया और रडार से विमान गायब हो गया।
यह हादसा वाराणसी से 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में हुआ है। राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच चुका है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की टीम भी रवाना हो चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित