रांची , मई 03 -- झारखंड के गोड्डा जिले में रविवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पहली घटना महागामा थाना क्षेत्र के एनएच-133 पर गम्हरिया के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सत्यम कुमार यादव (22), निवासी नूनाजोर (गोड्डा) और विपिन कुमार मंडल, निवासी धुआवै (भागलपुर, बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों दोस्त बुलेट बाइक पर सवार होकर गोड्डा से लड़की देखकर पथरगामा लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हाइवा गोड्डा की ओर से आ रहा था, जबकि बाइक सवार युवक विपरीत दिशा से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सूचना मिलने पर महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को महागामा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना गोड्डा के सरकंडा के पास हुई, जहां बाइक सवार मोहम्मद सद्दाम की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया कि दोनों घटनाओं में मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित