रांची , अप्रैल 17 -- झारखंड के गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र के शनिचर टोली में आज सुबह चुटिया नदी में नहाते समय दो सगी-फुफेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।

मृतक 20 वर्षीय काजल कुमारी, पिता सुकेश लोहरा और उनकी फुफेरी बहन दीपशिखा कुमारी, पिता शनिचर लोहरा हैं। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे दोनों बहनें बसिया सरना मैदान के पीछे चुटिया नदी में कपड़े धोने और नहाने गई थीं।

दीपशिखा कपड़े धोने के बाद नहाने उतरीं तो नदी की गहराई का अंदाजा न लगा पाईं और डूबने लगीं।

इसे बचाने पहुंची काजल ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन गहरे पानी में दोनों बहनें समा गईं।

नदी किनारे मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर बचाने की कोशिश की, पर गहराई अधिक होने से नाकाम रहीं। सूचना मिलते ही काजल के पिता सुकेश लोहरा और ग्रामीण युवकों ने मशक्कत कर शव बाहर निकाले।

आनन-फानन में दोनों को बसिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ शोक की लहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित