गिरिडीह , सितम्बर 18 -- झारखंड के गिरिडीह से कोलकाता तक सीधी रेल सेवा का सपना साकार होगा।

गिरिडीहवासियों की लंबे समय से चली आ रही कोलकाता के लिए सीधी ट्रेन की मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है।

गया से कोडरमा, न्यू गिरिडीह होते हुए पश्चिम बंगाल के संतरागाछी रेलवे स्टेशन तक नई ट्रेन के परिचालन की स्वीकृति रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने महिला एवं वाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी को पत्र लिखकर जानकारी दी है।

गया से संतरागाछी चलने वाली ट्रेन की न0 13692 /13691 होगा।

गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के प्रति आभार जताया है।

चैंबर के अनुसार, वर्षों पहले गिरिडीह से कोलकाता और पटना आने-जाने के लिए दो स्लीपर कोच की सुविधा उपलब्ध थी। पहले इन कोचों को दानापुर एक्सप्रेस और बाद में आनंद विहार एक्सप्रेस से जोड़ा गया था। कोरोना काल के दौरान यह व्यवस्था बंद हो गई। इसके बाद से ही गिरिडीह के लोग लगातार दोनों शहरों के लिए सीधी रेल सेवा की मांग करते रहे हैं।

इस मांग को लेकर गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ रेल मंत्री से भी समय-समय पर मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा था।

गिरिडीह के लोगों को यह उम्मीद है कि दुर्गापूजा से पहले नई ट्रेन का परिचालन शुरू हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित