गिरिडीह , अक्टूबर 03 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने रास्ता पूछने के बहाने एक बाइक सवार को निशाना बनाकर उसकी बाइक लूट ली।

घटना कल रात लेदा पानी टंकी के पास हुई।अपराधियों ने पहले बाइक सवार से लेदा जाने का रास्ता पूछा और बाद में उसका पीछा कर आंखों में मिर्च पाउडर डालकर बाइक लेकर फरार हो गए।

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा निवासी 55 वर्षीय भागीरथ राय ने बताया कि वह लेदा में आयोजित भजन मंडली के कीर्तन में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। लेदा का रास्ता उनके लिए नया था। कोवाड़ के पास उन्होंने बुलेट सवार तीन युवकों से लेदा जाने का रास्ता पूछा। युवकों ने उन्हें रास्ता बता दिया।

भागीरथ राय के अनुसार, इसके बाद उन्हें पता नहीं चला कि वही युवक उनका पीछा कर रहे हैं। लेदा पानी टंकी के पास पहुंचते ही बुलेट सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। तेज जलन के कारण उन्होंने बाइक रोक दी। इसी दौरान आरोपियों ने दोबारा उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।

भागीरथ के मुताबिक, वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही तीनों में से एक युवक ने उनकी बाइक की चाबी छीन ली। इसके बाद तीनों आरोपी उनकी बाइक लेकर फरार हो गए। घटनास्थल के आसपास अंधेरा और जंगलनुमा इलाका होने के कारण उस समय मदद के लिए कोई मौजूद नहीं था।

किसी तरह लेदा पहुंचने के बाद भागीरथ राय ने स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने मुफस्सिल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम करीब 15 से 20 मिनट में मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान और लूटी गई बाइक की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी तथा उपलब्ध सुरागों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित