गिरिडीह , अक्टूबर 16 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बगोदर के सरिया रोड स्थित विवेकनगर में अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।

नवनिर्मित दो मंजिला मकान में संचालित इस अवैध फैक्ट्री से करीब 80 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं। त्योहारों के मौसम में अवैध शराब की आपूर्ति की तैयारी के बीच हुई इस कार्रवाई से शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

करीब चार घंटे तक चली छापेमारी के दौरान पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने मकान के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। वहां कार्टून में भरकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। जब्त शराब और अन्य सामान को तीन पिकअप वैन में लादकर ले जाया गया। हालांकि, छापेमारी के दौरान फैक्ट्री का संचालक और अन्य लोग मौके से फरार होने में सफल रहे।

समाहरणालय परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में छापेमारी का नेतृत्व कर रहे एसडीपीओ धनंजय कुमार राम और उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने कार्रवाई की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, विवेकनगर स्थित नंदू साव के नवनिर्मित मकान में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब तैयार करने और उसके भंडारण का काम किया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच के आधार पर अधिकारियों ने आशंका जताई कि यहां अवैध तरीके से तैयार की जाने वाली अंग्रेजी शराब की आपूर्ति दूसरे राज्यों में की जाती होगी। हालांकि, शराब के निर्माण और वितरण से जुड़े नेटवर्क की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपितों की पहचान करने और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोग पर्व-त्योहारों के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए ऐसी गतिविधियों को अंजाम देते हैं। अवैध तरीके से तैयार की गई शराब में हानिकारक पदार्थ होने की आशंका रहती है, जिससे लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसी शराब के सेवन से जान जाने का खतरा भी रहता है।

उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल, जब्त शराब और उपकरणों की जांच के साथ पूरे नेटवर्क का पता लगाने में पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित