गिरिडीह , अप्रैल 16 -- झारखण्ड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना के कुलगो टोल प्लाजा के समीप गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

तीन भारी वाहनों की आपसी टक्कर के बाद उनमें आग लग गई, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय एक 16 चक्का ट्रेलर (गुड़ लदा), एक आयशर वाहन और एक 18 चक्का ट्रक (कोयला लदा) आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही मिनटों में तीनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुआं और आग का गुबार देखा जा सकता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन चालकों और खलासियों के अंदर फंसे होने की संभावना है, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

ग्रामीणों ने डीबीएल के टैंकरों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद एक वाहन में लगी आग पर आंशिक रूप से काबू पाया। वहीं, दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद तक भी दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि डुमरी क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन की स्थापना की जाए और राहत एवं बचाव कार्य को तत्काल तेज किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित