रांची , जुलाई 10 -- झारखंड के खूंटी जिले के खूंटी थाना क्षेत्र स्थित घाघरा पुल के पास शुक्रवार सुबह एक युवक और युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
एक साथ दो शव बरामद होने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक तौर पर दोनों की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खूंटी और मुरहू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए।
वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।
मृतक युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित