रांची , अक्टूबर 21 -- झारखंड के खूंटी जिले के संत मिखाइल स्कूल में प्रिंसिपल फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी एक्का पर अज्ञात व्यक्ति ने हमला कर दिया।

बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल फादर को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।

स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो के अनुसार, सुबह सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला कमरे में बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से घायल फादर को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे स्कूल में रहने वाले फादर बेनेदिक बारला पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। एसपी के मुताबिक, फिलहाल फादर की हालत स्थिर है। उन्हें किस हथियार से चोट पहुंचाई गई, यह विस्तृत इंजरी रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित