रांची, 30सितम्बर (वार्ता) झारखंड के कई जिलों में दशहरा पर बारिश का साया मंडराने लगा है।

मौसम विभाग, रांची ने आज चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि एक अक्टूबर से ही मौसम का मिजाज बदलने लगेगा और 2 और 3 अक्टूबर को राज्य के करीब 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी आशंका है।

मौसम वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल ने जानकारी दी कि 30 सितंबर को उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से एक अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो 2 अक्टूबर तक डिप्रेशन में तब्दील होकर पश्चिमोत्तर दिशा की ओर बढ़ेगा और 3 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण ओड़िशा और उत्तरी आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों को पार करेगा।

इस मौसमी बदलाव का सीधा असर झारखंड पर देखने को मिलेगा। 2 और 3 अक्टूबर को गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा जिले में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं 3 से 5 अक्टूबर के बीच गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में बारिश और तेज हो सकती है।

मौसम केंद्र, रांची ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं का असर दशहरा कार्यक्रमों पर भी पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित