रांची , अप्रैल 22 -- झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में भाकपा (माले) का 57वां स्थापना दिवस एवं व्लादिमीर लेनिन का 156वां जन्मदिवस आज मनाया गया।
राज्य कार्यालय में पार्टी ध्वज का झंडोत्तोलन कर्मचारी महासभा की साथी सुशीला तिग्गा ने किया। इसके पश्चात शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पार्टी की केंद्रीय कमेटी द्वारा जारी संकल्प पत्र का पाठ आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ ने किया। संकल्प पत्र पर उपस्थित साथियों ने विस्तृत चर्चा की।
सभा में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय परिस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर युद्ध थोपे जाने से पूरी दुनिया को ईंधन संकट के कगार पर ला खड़ा किया गया है। अमेरिका की वैश्विक वर्चस्व की नीति को चुनौती मिल रही है और विभिन्न देशों की जनता इसके खिलाफ आवाज उठा रही है।
देश की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा गया कि नए श्रम संहिताओं के लागू होने के बाद मजदूरों पर हमले तेज हुए हैं। नोएडा, राजस्थान, रांची सहित विभिन्न क्षेत्रों में मजदूर काम के घंटे, ओवरटाइम और वेतन के सवाल पर संघर्षरत हैं, जबकि प्रशासन द्वारा दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। उत्तर प्रदेश में मजदूर आंदोलनों को बदनाम कर सैकड़ों मजदूरों की गिरफ्तारी और कई के लापता होने की घटनाएँ सामने आई हैं। इसके बावजूद मजदूर आंदोलन लगातार विस्तार पा रहा है।
सभा में यह भी कहा गया कि फासीवादी और सांप्रदायिक शक्तियाँ देश को नफरत के माहौल में धकेल रही हैं तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमले तेज हो रहे हैं। मताधिकार को सीमित करने की कोशिशें, जल-जंगल-जमीन की लूट, तथा कॉरपोरेट पूंजी के पक्ष में नीतियाँ गंभीर चिंता का विषय हैं।
पार्टी ने संकल्प लिया कि वह जनता के बुनियादी मुद्दों-रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मजदूर-किसान अधिकार-के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सवालों पर भी अपनी पहल और संघर्ष को और तेज करेगी।
संकल्प सभा का संचालन आर.एन. सिंह ने किया। कार्यक्रम को पार्टी राज्य सचिव मनोज भक्त, केंद्रीय कमेटी सदस्य शुभेंदु सेन, अनंत प्रताप गुप्ता, राज्य कमेटी सदस्य मोहन दत्ता, नंदिता भट्टाचार्य, त्रिलोकी नाथ, विजय कुमार, संजना मेहता, सोहेल अंसारी, सोनाली केवट, अलमा खलखो, सुदामा खलखो, जगरनाथ उरांव, गोपाल सिंह, कुमार वरुण, नदीम खान, गुप्ता, भीम साव, एती तिर्की, सुमी उरांव, सुषमा गाड़ी, गीता तिर्की, चंदन स्वर्णकार एवं शालीन गोप सहित अनेक साथियों ने संबोधित किया तथा भागीदारी निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित