रांची, 26सितम्बर (वार्ता) झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी का 26 सितंबर को उनका अंतिम कार्यदिवस है, हालांकि वे आधिकारिक तौर पर 30 सितंबर तक पद पर बनी रहेंगी। 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सचिवालयों में दुर्गा पूजा, गांधी जयंती और सप्ताहांत की छुट्टियां होने के कारण प्रशासनिक गतिविधियां कम रहेंगी। सूत्रों के अनुसार, अलका तिवारी को सेवा विस्तार मिलने की संभावना लगभग न के बराबर है और राज्य सरकार द्वारा केंद्र से सेवा विस्तार के लिए कोई आग्रह भी नहीं किया गया है।

सूत्रों के अनुसार झारखंड सरकार शैलेश कुमार सिंह को जो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, वापस लाने का प्रयास कर रही है, लेकिन उनकी रुचि कम दिखाई दे रही है। इसी कारण मुख्य सचिव रैंक के दो अन्य आईएएस अधिकारियों अविनाश कुमार और अजय कुमार सिंह के नाम पर भी विचार किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि नितिन मदन कुलकर्णी के नाम की संभावना बिल्कुल नहीं बताई जा रही क्योंकि उन्हें राज्य सरकार की प्राथमिकता में नहीं माना जाता। वहीं, निधि खरे और सत्येंद्र कुमार सिंह जैसे दो और मुख्य सचिव रैंक के अधिकारी हैं, लेकिन इन दोनों के विकल्प पर सरकार के शीर्ष स्तर पर सीमित चर्चा हो रही है।

ब्यूरोक्रेसी में यह भी चर्चा है कि अविनाश कुमार को मुख्य सचिव पद का जिम्मा सौंपा जा सकता है, लेकिन इस पर कोई आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित