दुमका , जुलाई 24 -- झारखंड की पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल फौजदारी बाबा बासुकीनाथ धाम में विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की और विधि व्यवस्था की समीक्षा की।

पुलिस महानिदेशक ने दुमका के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में संथाल परगना क्षेत्र अंतर्गत अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था के साथ आगामी राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा की।

महानिदेशक ने विधि-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा के दौरान में लूट, डकैती एवं महत्त्वपूर्ण काण्डों के उद्भेदन एवं निष्पादन के संबंध में चर्चा की तथा साईबर अपराध से संबंधित मामलों के साथ गंभीर आपराधिक घटनाओं में संलिप्त अपराधियों को अविलम्ब गिरफ्तार करने के संबंध में कई आवश्यक निर्देश दिये। इसके साथ ही क्षेत्र के जिलों में सक्रिय आपराधिक गिरोह एवं उसके सदस्यों को शीघ्र गिरफ्तारी करने के भी निर्देश दिये तथा नये नियमों के तहत दर्ज काण्डों के समय सीमा के अन्दर निष्पादित करने को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिया।

बैठक में राजकीय श्रावणी मेला के दौरान रूट लाईनों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के सुलभ जलार्पण एवं दर्शन की दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान), पुलिस महानिरीक्षक, अपराध अनुसंधान विभाग, दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, संतालपरगना के पुलिस उप-महानिरीक्षक के साथ दुमका जामताड़ा, गोड्डा,साहेबगंज, पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक एवं देवघर के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य जिले के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित