रांची , फरवरी 17 -- झारखंड कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज रांची में आयोजित की गई।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं झारखंड के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उप नेता राजेश कच्छप सहित कांग्रेस के मंत्रीगण एवं विधायकगण की उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान झारखंड विधानसभा के आगामी बजट सत्र को लेकर व्यापक मंथन किया गया। राज्य के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक न्याय तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
नेताओं ने इस बात पर बल दिया कि गठबंधन की सरकार जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में संगठनात्मक समन्वय और विधायी रणनीति को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित