रांची , जून 06 -- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है।

पार्टी के महासचिव और मुख्य प्रवक्ता सुप्रिया भट्टाचार्य ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद पार्टी की केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री और अनुसूचित जाति समाज के प्रमुख नेता बैजनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है।

श्री भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी ने पहले ही राज्यसभा उम्मीदवार के चयन का अधिकार झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन को दिया था। उन्हें राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, गठबंधन की स्थिति और भविष्य की संभावनाओं का आकलन करते हुए अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया था। सभी पहलुओं पर विचार करने और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद बैजनाथ राम के नाम पर सहमति बनी।

उन्होंने कहा कि झारखंड में राज्यसभा की कुल छह सीटें ही हैं और विधानसभा में किसी भी एक दल के लिए सामान्य परिस्थितियों में एक सीट जीतना ही संभव होता है। झामुमो के पास वर्तमान में 34 विधायक हैं और पार्टी को पूरा विश्वास है कि उसके संख्याबल के आधार पर बैजनाथ राम की जीत सुनिश्चित होगी।

श्री भट्टाचार्य ने कहा दी कि बैजनाथ राम 8 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित