रांची/गोसाईंगांव , अप्रैल 02 -- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर गोसाईंगांव सीट पर पूरी ताकत झोंक दी है।

इसी क्रम में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने पार्टी प्रत्याशी फैड्रिक्शन हांसदा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता का नहीं, बल्कि इतिहास बनाने का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि असम की जनता बदलाव चाहती है और इस बार नया विकल्प चुनने के मूड में है। उन्होंने कहा कि झामुमो आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

श्रीमती सोरेन ने चाय बागान में काम करने वाले मजदूरों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि इन मजदूरों को उनका हक दिलाने के लिए पार्टी लगातार प्रयासरत है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने वोट का सही इस्तेमाल करें, क्योंकि एक-एक वोट आदिवासी समुदाय को मजबूत करेगा।

इस मौके पर सांसद जोबा माझी और विधायक सोमेश चंद्र सोरेन भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने भी लोगों से झामुमो प्रत्याशी फैड्रिक्शन हांसदा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित