झाबुआ , जनवरी 19 -- मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के उत्कृष्ट मैदान में आयोजित 'महाराज नो मेलो' में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा नाव झूला अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया, जिससे उसमें सवार 24 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। हादसे में दो छात्राओं को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब चार बजे सांदीपनि स्कूल की 21 छात्राएं और तीन छात्र नाव झूले में सवार थे। झूला चलते समय अचानक दो हिस्सों में टूट गया और नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र-छात्राएं झूले से लटककर नीचे उतरते दिखाई दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने झूला संचालकों पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मेले की सुरक्षा व्यवस्था और झूलों की जांच शुरू कर दी गई है।

कलेक्टर नेहा मीना ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच दल में अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, लोक निर्माण विभाग, विद्युत मंडल और शहरी विकास अभिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। सीएमएचओ डॉ. बीएस बघेल ने बताया कि दो छात्राओं की हालत गंभीर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। अन्य 21 छात्राएं और तीन छात्र घायल हैं, जिनका उपचार जारी है।

उल्लेखनीय है कि 'महाराज नो मेलो' पिछले छह वर्षों से झाबुआ में आयोजित किया जा रहा है। यह मेला 1 जनवरी से 20 जनवरी तक दिवंगत आदिवासी संत खूमसिंह महाराज की स्मृति में आयोजित होता है। मेले में पांच से अधिक बड़े झूले और लगभग 25 छोटे झूले लगाए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित