झाबुआ , अक्टूबर 28 -- मध्यप्रदेश में रतलाम जिले की आलोट पुलिस ने झाबुआ जिले की चार आदिवासी महिलाओं को 60.750 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब नौ लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर आलोट पुलिस ने ग्राम पिपलिया सिसोदिया के खेतों से गुजर रहे कच्चे रास्ते पर चार महिलाओं को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से 60.750 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, महिलाएं इसे गुजरात ले जाने की फिराक में थीं।

पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि उन्हें यह डोडाचूरा पिपलिया सिसोदिया निवासी गोपाल मालवीय से मिला था। पुलिस अब गोपाल मालवीय की तलाश कर रही है।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रेवा पति भूरा कलारा (35), निवासी कालिया विरन, मेघनगर; ललिता पति दिनेश बारिया (38), निवासी राखड़िया, मेघनगर; रमिला पति परसु वसुनिया (40), निवासी साला महुड़ा, कल्याणपुरा; और सन्नु पति बाबू निनामा (40), निवासी सैरानी मोहल्ला, मेघनगर के रूप में हुई है। आलोट थाने में अपराध क्रमांक 583/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित