बैतूल , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम झाड़ेगांव में एक जुआ फड़ पर छापा मारकर 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 90 हजार 500 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी जब्त की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे तथा एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सूचना के आधार पर 22 जुलाई को ग्राम झाड़ेगांव में बंटी करोचे के खेत स्थित कमरे में दबिश दी।
पुलिस ने मौके से 15 लोगों को ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेलते हुए पकड़ा। कार्रवाई के दौरान 90 हजार 500 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी जब्त की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक बसंत अहके, राकेश कुमार सरयाम, सहायक उपनिरीक्षक राजेश मालवीय, अरुण यादव सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित