बारां , सितम्बर 29 -- राजस्थान में बारां जिले के कुजाए गांव में मंगलवार सुबह झाड़ियों में एक नवजात बच्ची मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आगर सरपंच प्रतिनिधि पर्वत सिंह मेहता को झाड़ियों में नवजात बच्ची के रोने की सूचना मिली थी। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। झाड़ियों के बीच से लगातार बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। ग्रामीणों ने अंदर जाकर देखा तो नवजात बच्ची मिली। इसके बाद मामले की सूचना कस्बाथाना थाना अधिकारी को दी।
ग्रामीणों की मदद से बच्ची को तत्काल कस्बाथाना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच कर उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची का जन्म संभवत मंगलवार रात को हुआ है। फिलहाल बच्ची अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची और जानकारी जुटायी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार बच्ची को आगे के उपचार एवं आवश्यक प्रक्रिया के लिए बारां भेजा जायेगा। इसके बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित