धार , मई 24 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेंचकुंआ में झाड़ियों से एक मादा तेंदुआ शावक बरामद किया गया, जिसे उपचार के लिए भोपाल स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भेजा गया है।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार वन परिक्षेत्र धामनोद के उप परिक्षेत्र उमरबन की बीट सांवलाखेड़ी के ग्राम बेंचकुंआ में ग्रामीणों ने नदी किनारे झाड़ियों में तेंदुआ शावक देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टीआर के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं वन अमला मौके पर पहुंचा और शावक को सुरक्षित कब्जे में लिया।

वन विभाग की टीम ने शावक को उसकी मां से मिलाने के लिए रातभर घटनास्थल के आसपास निगरानी रखी। शावक को उसी स्थान पर रखा गया, ताकि मादा तेंदुआ उसे वापस ले जा सके, लेकिन पूरी रात इंतजार के बावजूद मादा तेंदुआ वहां नहीं पहुंची।

इसके बाद रविवार को शावक को वन परिक्षेत्र कार्यालय धामनोद लाया गया, जहां पशु चिकित्सक द्वारा उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण में शावक मादा पाया गया तथा वह अत्यधिक कमजोर स्थिति में मिली।

पशु चिकित्सक ने विशेष निगरानी और उपचार की आवश्यकता बताते हुए उसे विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की सलाह दी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मादा तेंदुआ शावक को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल भेज दिया गया। वन विभाग के अनुसार वन्यजीव विशेषज्ञों और चिकित्सकों की टीम शावक के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रख रही है तथा उसका उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित