जालौन , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने झांसी-आसनसोल स्पेशल ट्रेन (04185/04186) के संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है। अब यह स्पेशल ट्रेन 29 जुलाई से 31 अगस्त तक अपने निर्धारित दिनों में संचालित होगी। इससे उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 04185 झांसी से प्रत्येक बुधवार और रविवार को रवाना होकर उरई, गोविंदपुरी सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए आसनसोल (पश्चिम बंगाल) पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04186 आसनसोल से प्रत्येक गुरुवार और सोमवार को चलकर गोविंदपुरी और उरई के रास्ते झांसी पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस ट्रेन के फेरों में बढ़ोतरी से झांसी मंडल के यात्रियों को बिहार और पश्चिम बंगाल के प्रमुख शहरों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों से झांसी आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले आरक्षण और समय-सारिणी की जानकारी लेकर सफर करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित