झांसी, सितंबर 26 -- उत्तर प्रदेश में झांसी के सीपरी बाजार थानाक्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अरविंद यादव हत्याकांड का नामजद आरोपी गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने शुक्रवार को बताया कि आठ सितंबर को पुरानी रंजिश के चलते सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के भोजला गांव निवासी अरविंद यादव की हत्या को अंजाम देने के नामजद आरोपी संजय और उसके दो साथियों को गुरूवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ में संजय पैर में गोली लगने के कारण घायल हुआ जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसके दो साथियों को घेराबंदी कर शिकंजे में लिया गया।

एसपी सिटी ने बताया कि आठ सितंबर को हुई घटना के संबंध में अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अरविंद हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी के रूप में रिंकू यादव की पहचान हुई थी जिसने संजय सहित अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में घटना के बाद से ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया था।

इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से अरविंद की हत्या के नामजद आरोपी संजय और उसके दो साथियों के कहीं भागने की फिराक में होने की जानकारी मिलने के बाद सीपरी बाजार थानाक्षेत्र के लकारा गांव के समीप पुलिस की टीमों ने घेराबंदी थी। देर रात तीनों बदमाशों ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके जवाब में उन्होंने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें संजय के पैर में गोली लगी और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथियों को भी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल संजय को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार बदमाशों भान सिंह और कमल सिंह के पास से एक तमंचा , कारतूस और खोखा भी बरामद किया गया।

गौरतलब है कि पुरानी रंजिश के चलते आठ सितंबर को भोजला गांव निवासी अरविंद यादव की दिन दहाड़े हत्या कर दी गयी थी। बीच बाजार दिन दहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में हडकंप मच गया था और पुलिस की कार्यशैली भी सवालिया निशानों के घेरे में आ गयी थी। घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया तथा अब तीन की गिरफ्तारी और की गयी है लेकिन इस मामले में मुख्य आरोपी रिंकू यादव अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा है। हालांकि पुलिस ने जल्द से जल्द रिंकू को भी सलाखों के पीछे पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहरायी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित