हरिद्वार , सितंबर, 26 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक और युवती को निशाना बनाते हुए उन पर गोलियां बरसा दीं। इस दुस्साहसिक वारदात में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह आरोपी अमन ने मुन्ना पुत्र अशोक और युवती रूपा पर अचानक फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज और घायलों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुन्ना को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रूपा को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित