हरिद्वार , फरवरी 24 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद के कोटवाल आलमपुर गांव के पास कल देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को घेरकर उस पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। अचानक हुए हमले से घबराकर बाइक सवार दो युवक मौके से जान बचाकर भाग निकले, जबकि राहुल हमलावरों के चंगुल में फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने राहुल पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख हमलावर घायल युवक को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित