हरिद्वार , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिला में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत बुधवार को थाना झबरेड़ा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 29.20 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रभारी निरीक्षक झबरेड़ा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम कोटवाल के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम अब्दुल कादिर पुत्र अमीर आलम है। वह जिले में थाना झबरेड़ा के लाठरदेवा शेख गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मादक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित