सेलम , जनवरी 29 -- शुरुआती झटकों के बाद सुक्रित पांडे (नाबाद 73), निनाद रथ्वा (66) और कप्तान अतीत सेठ (नाबाद 45) की जुझारू पारियों की बदौलत बड़ौदा ने तमिलनाडु के खिलाफ गुरुवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए पहले दिन पांच विकेट पर 247 रन बना लिये।

आज यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बड़ौदा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 22.1 ओवर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। ज्योतस्निल सिंह (10), शिवालिक शर्मा (35), शाश्वत रावत (पांच) और विष्णु सोलंकी नौ रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय निनाद रथ्वा ने सुक्रित पांडे के साथ पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 85 रन जोड़े। 54वें ओवर में साई किशोर ने निनाद रथ्वा को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। निनाद रथ्वा ने 112 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 66 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान अतीत सेठ जुझारू बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक पिच पर टिके रहे। स्टंप्स के समय बड़ौदा ने पांच विकेट पर 247 रन बना लिये है। सुक्रित पांडे (नाबाद 73) और कप्तान अतीत सेठ (नाबाद 45) क्रीज पर मौजूद थे।

तमिलनाडु के लिए जगनाथन हेमचुदेशन ने तीन और साई किशोर ने दो विकेट लिये।

नागालैंड 322/6अन्य मैच में नागालैंड ने चेतन बिष्ट (नाबाद 160) की शानदार शतकीय और डेगा निश्चल (74) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर आंध्र प्रदेश के खिलाफ दिन का खेल समाप्त होने के समय छह विकेट पर 322 रनों का मजबूत स्कोर बना लिया है। आंध्र प्रदेश की ओर से कावुरी साईतेजा और सत्यनारायण राजू ने दो-दो विकेट लिये। त्रिपुराणा विजय और शेख रशीद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित