झज्जर , अगस्त 09 -- झज्जर में हर घर तिरंगा अभियान को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 'देश के नाम संदेश' थीम पर आधारित प्रचार वीडियो वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन जिले के सभी शहरी वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों के गांवों में पहुंचकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करेगी।
उपायुक्त वर्षा खंगवाल ने मिनी सचिवालय परिसर में वीडियो वैन को रवाना किया और उस पर राष्ट्र के नाम अपना संदेश लिखा। उन्होंने परिसर में 'हर घर तिरंगा' और 'वंदे मातरम' थीम पर आधारित सेल्फी प्वाइंट का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भी भाग लिया। पूर्व सैनिकों ने देशभक्ति के संदेश साझा करते हुए युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त ने कहा कि हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। जिले में 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि झज्जर में बड़ी संख्या में सैन्य परिवार रहते हैं, इसलिए यहां अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहराएं और अभियान को जन आंदोलन बनाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित